गोवा रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी ललित यादव के विस्फोटक शतक से स्पोर्टिंग क्लब क्वार्टर फाइनल में
नई दिल्ली (संवाददाता)l गोवा रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी ललित यादव के विस्फोटक शतक की बदौलत सपोर्टिंग क्लब ने 41वें ऑल इंडिया लक्ष्मण दास छाबड़ा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रवेश किया। सेंट स्टीफन ग्राउंड, मोरी गेट पर खेले गए मुकाबले में सपोर्टिंग क्लब ने लाला रामचरण क्रिकेट क्लब को 187 रनों से हराया।
मैन ऑफ द मैच ललित यादव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों पर नाबाद 186 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। विभ्रांत ने 46 रनों का योगदान दिया। सपोर्टिंग क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में 362/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। लाला रामचरण क्रिकेट क्लब की ओर से शुभम दुबे ने 41 रन देकर 4 विकेट और मनीष सेहरावत ने 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लाला रामचरण क्रिकेट क्लब की टीम 30 ओवर में 175 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से सूर्यवीर ने 51 रन और सिद्धार्थ ने 37 रनों की पारी खेली। सपोर्टिंग क्लब की ओर से अंकित भड़ाना ने 69 रन देकर 3 विकेट और पुनीत चहल ने 75 रन देकर 3 विकेट लिए।
गोवा रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी ललित यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए यूएसटी मेन ऑफ द मैच तथा कीमती फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार मोहिंदर छाबड़ा जी और अंपायर द्वारा प्रदान किया गया।