शौर्य सिंह की घातक गेंदबाजी से सोनेट क्लब की शानदार जीत
नई दिल्ली (संवाददाता)l शौर्य सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर सोनेट क्लब ने श्री फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जा रहे चौथे ऑल इंडिया सुनील जैन मेमोरियल प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट में टेलीफेंकेन क्लब को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टेलीफेंकेन क्लब की टीम 39 ओवर में 155 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से नामित गुप्ता ने नाबाद 49 रन और सौरभ देसवाल ने 25 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। सोनेट क्लब की ओर से शौर्य सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। सागर तंवर ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सोनेट क्लब ने 30 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से सनत सांगवान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। आर्यन दलाल ने 25 रन का योगदान दिया। टेलीफेंकेन क्लब की ओर से नामित गुप्ता ने 41 रन देकर 3 विकेट लिए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
शानदार प्रदर्शन के लिए शौर्य सिंह को “मैन ऑफ द मैच” और नामित गुप्ता को “फाइटर ऑफ द मैच” के अवार्ड से सम्मानित किया गया।