युवक की हत्या के बाद पूछवादून में तनापूर्ण माहौल, आक्रोशित भीड़ ने हमलावरों के  घरों के पास की आगजनी

देहरादून। बीती शनिवार रात पछवादून के सहसपुर पुलिस स्टेशन के बैरागी वाला इलाके में पानी के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। रविवार सुबह कुछ लोगों ने हमलावरों के घरों के आसपास आगजनी कर दी। इलाके में पत्थरबाजी की सूचना भी है।

पत्थरबाजी की वारदात में कुछ लोगों की घायल होने की खबर है। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इलाके में इंटरनेट सेवा पर भी रोक लगा दी गयी है।

शनिवार को देहरादून के बैरागी वाला इलाके में खेत में सिंचाई को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ। विवाद में एक पक्ष के दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक विनोद की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी। जिससे पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। देर रात तक पीड़ित परिवार और ग्रामीण पुलिस थाने में डटे रहे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे।

स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चैहान भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे। वहीं रविवार सुबह घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया।

इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने एक हमलावर के घर पर आग लगा दी। जबकि कुछ लोगों के घर के बाहर भी आगजनी की। बताया जा रहा है कि इसके बाद पूरे इलाके में जमकर पत्थरबाजी भी हुई। जिसमें कई लोग घायल हो गए।

हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल घटना स्थल के आसपास वाले इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार इस वारदात के सिलसिले में तीन नामजद आरोपियों और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इलाके में पुलिस के जवान तैनात हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं ताकि मामला और न गंभीर हो जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *