डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल

देहरादून। उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डा.ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया है।

वह वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से 12 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की गई।

डा. बिसेन मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी चुने गए थे। इसके अलावा वह चार बार विधायक रहे हैं।

किसान परिवार से संबंध रखने वाले बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डा. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और मार्गदर्शन से प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

राष्ट्रपति भवन की अधिसूचना के अनुसार, ओम प्रकाश माथुर को केरलम, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डा. सुधा यादव को कर्नाटक और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के प्रभावी होने की तिथि संबंधित राज्यपालों के पदभार ग्रहण करने की तारीख होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *