कार के नीचे बच्ची छोड़ने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

रुद्रपुर । सिंह कालोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे शनिवार देर शाम नवजात बच्ची को छोड़कर जाने वाले अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बच्ची के बाएं हाथ में कैन्युला लगा था और नाभि में क्लिप लगी हुई थी।

उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उच्च उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस बच्ची को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।

इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि शनिवार देर शाम डायल 112 पर सूचना मिली कि सिंह कालोनी गली नंबर एक स्थित चर्च के आगे एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी है।

सूचना पर आदर्श कालोनी चैकी से उपनिरीक्षक प्रदीप पंत पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने बच्ची को उठाकर गोद में लिया और उसे कपड़े पहनाए।स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि चर्च के पादरी अशोक जोन जब अपनी कार में बैठने पहुंचे तो उन्हें कार के नीचे नवजात बच्ची दिखाई दी।

इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआइसीयू) में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया है।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि बच्ची को इस तरह कार के नीचे छोड़ना उसकी जान के लिए खतरा पैदा कर सकता था। मामले में अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 91 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *