G-KBRGW2NTQN पूर्व विधायक मन्द्रवाल का दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन – Devbhoomi Samvad

पूर्व विधायक मन्द्रवाल का दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन

 

पौड़ी। पौड़ी विधानसभा से विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुंदर लाल मन्द्रवाल का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन पर पौड़ी में कांग्रेसियों ने मौन रखकर उन्हें अपनी श्रद्धांजली अर्पित की। पूर्व विधायक पौड़ी सुंदर लाल मंद्रवाल कोट ब्लाक में पंचायत चराकोट स्थित दैल गांव के मूल निवास थे। कांग्रेस पार्टी में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने वाले सुंदर लाल मंद्रवाल वर्ष 2002 में विधान सभा श्रीनगर के पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 2007 में उन्हें श्रीनगर सीट पर शिकस्त मिली। लेकिन उन्होंने वर्ष 2012 में वापसी करते हुए पौड़ी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। मंद्रवाल मुख्यमंत्री के सलाहकार, अनुसूचित जाति जनजाति परिषद के सभापति रहे। उन्होंने समाज कल्याण विभाग व राज्य संपत्ति विभाग का भी दायित्व संभाला। मन्द्रवाल को सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत पर एक दिन पूर्व देहरादून के गोविंद अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां से उन्हें एक निजी चिकित्सालय भी शिफ्ट किया गया। जहां बुधवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व विधायक मंद्रवाल का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया। उनके निधन से पौड़ी सहित क्षेत्र में शोक की लहर है। वे अपने पीछे एक बेटा व तीन बेटियां छोड़ गए हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अद्वैत बहुगुणा, प्रदेश सचिव ओबीसी प्रकोष्ठ विजय रतूड़ी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य नवल किशोर ने कहा मंद्रवाल गांधीवादी, सौम्य स्वभाव के स्पष्टवादी नेता थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी व विधायक के तौर पर उनका हर कार्यकाल यादगार रहा है। मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेसियों ने उनके निधन पर दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालो में जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कामेर राणा, नगर अध्यक्ष विनोद बिष्ट, भाष्कर बहुगुणा, युद्धवीर सिंह रावत, पदमेंद्र सिंह, पूर्व प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल, सांसद प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह रावत, तोमर आर्य, शिवचरण भंडारी, विनोद दनोसी, कमला रावत, नीलम रावत आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *