G-KBRGW2NTQN सिंचाई की 16 नई परियोजनाओं के लिए 102 करोड़ मंजूर – Devbhoomi Samvad

सिंचाई की 16 नई परियोजनाओं के लिए 102 करोड़ मंजूर

देहरादून। नाबार्ड वित्त पोषित सिंचाई नवीन विभिन्न योजनाओं हेतु 102 करोड़ रूपये की मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज के साथ सिंचाई विभाग के अन्तर्गत नाबार्ड वित्त पोषित योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर नाबार्ड वित्त पोषित नवीन 16 योजनाओं में पौड़ी जनपद के ग्राम खैरासैंण में पूर्वी नयार नदी पर बहुद्देशीय जलाशय का निर्माण, कर्णप्रयाग में अलकनन्दा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा का कार्य, देहरादून के सहसपुर विकासखंड के सभावाला की गढ़वाली बस्ती में पुश्ते का निर्माण एवं अन्य जनपदों में बाढ़ सुरक्षा ,नहरों एवं नलकूपों के निर्माण, लिफ्ट सिंचाई योजना एवं अन्य कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राज्य के विभिन्न जनपदों के लिए राज्य सैक्टर के अन्तर्गत नाबार्ड वित्तपोषित योजना के तहत नहरों एवं नलकूपों के जीर्णोद्धार एवं निर्माण, बाढ़ सुरक्षा योजना, एवं अन्य कायरें के लिए 52 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने पर नदी क्षेत्रों से होने वाले भू-कटाव को रोकने में मदद मिलेगी। विभिन्न पेयजल योजनाओं एवं नहरों के के निर्माण से पेयजल आपूर्ति एवं सिंचन क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सौंग बांध परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना से 2050 तक की देहरादून शहर व आस-पास के क्षेत्रों में ग्रेविटी आधारित पेयजल की सुविधा दी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस बांध का शिलान्यास होने के बाद एक साल के अन्दर इसका निर्माण कार्य पूरा किया जायेगा। सौंग बांध बनने से इस क्षेत्र में पर्यटन की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव अमित नेगी, नितेश झा व सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *