G-KBRGW2NTQN नड्डा के आगमन से पहले 11 भाजपा नेताओं को बंटे दायित्व – Devbhoomi Samvad

नड्डा के आगमन से पहले 11 भाजपा नेताओं को बंटे दायित्व

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड के चार दिन के दौरे से पहले ही प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कई भाजपा नेताओं को दायित्वों से नवाजा है। जिन नेताओं को दायित्व सौंपे गए हैं वे भाजपा के विभिन्न खेमों से जुड़े बताए जाते है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष असंतोष की अभिव्यक्ति को थामने के लिए यह कदम उठाया गया है। बागेर जिले के कपकोट के पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया को राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह कोश्यारी खेमे के माने जाते हैं। यह पद पहले नरेश बंसल के पास था लेकिन उनके राज्यसभा सदस्य बन जाने से खाली हो गया था। वहीं ऊधम सिंह नगर के विनय रोहिला को राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। दोनो को कैबिनेट मंत्री स्तर प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही निशंक खेमे के माने जाने वाले कर्णप्रयाग के पूर्व विधायक अनिल नौटियाल को उत्तराखंड औषधीय पादप बोर्ड का उपाध्यक्ष, हरिद्वार के संजय सहगल को उपाध्यक्ष राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद, देहरादून के राजपाल सिंह रावत को उपाध्यक्ष प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद्, अल्मोड़ा के गोविन्द पिलख्वाल को उपाध्यक्ष उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड, उत्तरकाशी के जगवीर सिंह भण्डारी को उपाध्यक्ष राज्य बागवानी बोर्ड, हल्द्वानी के तरुण बंसल को उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय उद्योग मित्र परिषद , टिहरी गढ़वाल के संजय नेगी को उपाध्यक्ष उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, ऋषिकेश के सुरेन्द्र मोघा को उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजना अनुश्रवण समिति का दायित्व सौंपा गया है। इन सभी को राज्य मंत्री स्तर प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी को मुख्यमंत्री का सैन्य एवं सीमांत क्षेत्र सुरक्षा सलाहकार बनाया गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर दर्शन सिंह रावत ने कहा कि सीएम ने सभी दायित्व धारकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ निर्वहन करेंगे। उनके अनुभवों का लाभ प्रदेश को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *