G-KBRGW2NTQN नशे में धुत तीन युवकों ने एक युवक को मार डाला – Devbhoomi Samvad

नशे में धुत तीन युवकों ने एक युवक को मार डाला

पिथौरागढ़। जिले के अस्कोट थाना क्षेत्र के एक गांव में नामकरण संस्कार के बाद शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने लाठी-डंडों से पीटकर एक युवक को मार डाला। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक अस्कोट थाना क्षेत्र के पीपली से लगे सुनखोली गांव के एक घर में नामकरण के बाद बृहस्पतिवार रात गीत-संगीत चल रहा था। इसी बीच शराब के नशे में गांव के गगन सिंह बोरा उम्र 36 और तीन अन्य युवक के बीच झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों की गगन सिंह से पुरानी रंजिश भी थी। झगड़े के बीच ही तीनों युवक गगन सिंह बोरा को उस घर से करीब दूर सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने गगन पर लाठी डंडों से प्रहार कर दिया। घटना के पता चलने पर गंभीर रूप से घायल गगन को रात 12 बजे जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई जगत सिंह बोरा ने तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद अस्कोट थाना प्रभारी पीआर आगरी के नेतृत्व में शुक्रवार को आरोपियों की तलाश में जगह जगह दबिश दी। दोपहर बाद पुलिस ने तीन युवकों सोबन सिंह ऐरी, हरीश सिंह कठायत और गंगा सिंह कठायत को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इन युवकों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। मृतक गगन सिंह और नामजद सोबन सिंह ऐरी के बीच मुकदमा भी चल रहा था। हत्या की घटना से क्षेत्र सनसनी फैली हुई है, वहीं मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *