G-KBRGW2NTQN यूकेडी केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सात-आठ को – Devbhoomi Samvad

यूकेडी केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सात-आठ को

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की केंद्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आगामी सात व आठ फरवरी को देहरादून में आहूत होगी। इस बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों के अलावा सभी प्रकोष्ठों, जनपदों व महानगरों के अध्यक्ष भाग लेंगे। प्रदेश में आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को मद्देनजर रखते हुए कार्यकारिणी की बैठक में तमाम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। इस बात की जानकारी उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी है। उन्होंने कहा कि पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए दल आगामी वर्ष पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। इससे पहले जनता का विास जीता जाएगा। बताया कि दो दिनी बैठक में ऐसे ही कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। कृषि बिलों को निरस्त करने की मांग को लेकर देशभर में किसानों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन भी उन्होंने किया है। कहा कि लाखों किसान पिछले दो माह से अधिक समय से सड़कों पर बैठकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान एक सौ से अधिक किसानों की जान भी चली गई है। बावजूद इसके केंद्र सरकार का रवैया अड़ियल बना हुआ है। राज्य सरकारें भी किसानों की सुध नहीं ले रही हैं। उन्होंने मांग की है कि किसानों की पीड़ा को समझते हुए केंद्र सरकार तत्काल प्रभाव से किसान विरोधी तीनों बिलों को निरस्त करें। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन भी उन्होंने किया है। कहा कि अक्टूबर 2005 सरकारी सेवा में सेवायोजित हुए सभी कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। ताकि वह सेवानिवृत्त होने पर आसान जिंदगी जी सके। कहा कि राज्यहित व जनहित के मुद्दों को लेकर यूकेडी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद नौ से 11 फरवरी तक पार्टी कार्यालय में यज्ञ अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में दल के वरिष्ठ नेता त्रिवेन्द्र पंवार, बीडी रतूड़ी, सुनील ध्यानी आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *