G-KBRGW2NTQN मार्च 22 तक बढ़ायी उपनल के जरिये प्रवासियों को नौकरी की सुविधा – Devbhoomi Samvad

मार्च 22 तक बढ़ायी उपनल के जरिये प्रवासियों को नौकरी की सुविधा

देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रवासियों को उपनल के जरिये सरकारी सेवा में लेने की अवधि को आगे बढ़ा दिया है। अब प्रवासियों को उनके कौशल के हिसाब से 31 मार्च 2022 तक सेवा में रखा जाएगा। पूर्ववर्ती त्रिवेंद्र सरकार ने गत वर्ष इसका निर्णय लिया था और वह फैसला इस वर्ष 31 मार्च को समाप्त हो गया था। सैनिक कल्याण मंत्री गणोश जोशी ने इसके लिए पहल की थी। वर्तमान समय में विकराल रूप ले रही कोविड-19 महामारी को देखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है। पूर्व की भांति राज्य में लौट रहे प्रवासी उत्तराखण्ड वासियों को उनके अनुभव योग्यता कौशल के अनुसार उनके निवास स्थान के नजदीक, उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लि (उपनल) के माध्यम से रोजगार अवसर प्रदान करने के लिए पूर्व में व्यवस्था को एक और साल (31 मार्च 2022 तक) बढ़ा दिया गया है। सैनिक कल्याण मंत्री गणोश जोशी ने बताया कि ‘वर्तमान महामारी के समय में राज्य के युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के बारे में सरकार संवेदनशील तथा सक्रिय हैं। उन्हें प्रसन्नता है कि कोविड महामारी के ऐसे विपरीत समय में बेरोजगारों के लिए उपनल के माध्यम से रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के विभागीय प्रस्ताव को मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदन एवं स्वीकृति दे दी गयी है। ज्ञात हो कि पूर्ववर्ती त्रिवेंद्र सरकार ने गत 16 सितम्बर को कोविड से घर लौटने वाले प्रवासियों के लिए यह आदेश किया था जाो 31 मार्च 2021 तक पंजीकृत अभ्यर्थियों को उपनल के माध्यम से रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के लिए था। नये आदेश में यह व्यवस्था एक साल और बढा दी गयी है। जोशी ने कहा है कि इससे राज्य के बेरोजगारों को ‘उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लि. (उपनल) के माध्यम से उनके अनुभव योग्यता कौशल के अनुसार उनके निवास स्थान के नजदीक, रोजगार अवसरों का लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *