G-KBRGW2NTQN सरकार बना रही दस साल के विकास का रोडमैप : सीएम – Devbhoomi Samvad

सरकार बना रही दस साल के विकास का रोडमैप : सीएम

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार दस साल के विकास का रोड मैप तैयार कर रही है। 2017 से पहले प्रदेश में हजारों घोषणाएं होती थीं, लेकिन सैकड़ों भी पूरी नहीं होती थी। उन्होंने इस संस्कृति को बदला है। सरकार वहीं घोषणाएं करेगी जो पूरी होगी, उनका ही शासनादेश जारी होगा। जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनका लोकार्पण भी किया जा रहा है। कार्य संस्कृति में बदलाव किया गया है। वह स्वयं दफ्तरों के औचक निरीक्षण कर रहे हैं। ऊपर से नीचे तक के अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी गई है। 12 बजे तक दफ्तर में बैठकर समस्याएं सुननी होंगी।
मुख्यमंत्री ने यहां नेहरू स्टेडियम में 70 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम में यह बात कही। सीएम धामी ने कहा कि रुड़की से उनको विशेष स्नेह रहा है। यहां बीईजी का मुख्यालय होने के अलावा आईआईटी और अन्य संस्थान हैं। उन्होंने कहा कि एक समय रुड़की की पहचान जाम वाले शहर के रूप में थी, लेकिन आज रुड़की के आसपास राजमार्ग के चौड़ीकरण के अलावा बाईपास बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि इस बार भाजपा 60 से अधिक सीटे जीतेगी। विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल चुनाव से पहले सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन न तो वह विधानसभा में पहुंचते है और न ही विधानसभा के बाहर अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जो जनादेश 2017 में दिया था आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता और अधिक आर्शिवाद भाजपा को देगी। सभा में शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने सीएम को मांगपत्र देकर रुड़की को जिला बनाने, एचआरडीए से ग्रामीण क्षेत्रों को बाहर करने, नेहरू स्टेडियम में खेल सुविधाएं बढ़ाने, सिविल अस्पताल को जिला अस्पताल द्वितीय घोषित करने समेत कई मांगें रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *