केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले– हर FTA और समझौता राष्ट्रहित में
हमारी प्रमुख फ़सलें, डेयरी और पोल्ट्री पूरी तरह संरक्षित- श्री शिवराज सिंह
विपक्ष ने झूठ की दुकान खोल रखी है, अफ़वाहों का बाज़ार फैलाते हैं- श्री चौहान
IARI के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों से बोले शिवराज सिंह- आप केवल डिग्रीधारी नहीं, भविष्य के कृषि-नेता हैं
जिंदगी केवल मौज-मस्ती के लिए नहीं, उद्देश्यपूर्ण जीवन और बड़े लक्ष्य के लिए है- श्री शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली (संवाददाता)l भारत के किसानों और राष्ट्रीय हितों पर चोट करने की कोशिश करने वालों को करारा जवाब देते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ संदेश दिया कि भारत की हर ट्रेड डील और FTA में न तो खेत बिके हैं, न किसान, बल्कि देश की कृषि की रीढ़ को और मजबूत किया गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि जो लोग किसानों के नाम पर भय और अफवाह का कारोबार चला रहे हैं, उनकी सारी कथित राजनीति झूठ के सहारे खड़ी है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के किसानों के हित “पूरी तरह सुरक्षित” हैं और रहेंगे।

ट्रेड डील में किसानों का हित सर्वोपरि
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली के 64वें दीक्षांत समारोह में अपने उद्बोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल के सभी मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) और अंतरराष्ट्रीय समझौतों पर उठाए जा रहे सवालों पर स्पष्ट, तथ्यात्मक और सख्त राजनीतिक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अभी जितने भी समझौते हुए हैं– चाहे यूरोपियन यूनियन के साथ हों, दुनिया के अन्य देशों के साथ हों या अमेरिका के साथ– सभी फैसले राष्ट्रहित में लिए गए हैं और भारत के किसानों के हितों को सबसे ऊपर रखा गया है।

कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि USA के साथ हुए समझौते में भी भारत के राष्ट्रीय हितों को पूरी तरह संरक्षित किया गया है और किसानों के हितों की सर्वोच्च रक्षा की गई है।