सचिन कुमार की घातक गेंदबाजी से हनुषिव क्रिकेट अकैडमी की शानदार जीत
नई दिल्ली (संवाददाता)l हनुषिव क्रिकेट टी-20 चैंपियनशिप लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में हनुषिव क्रिकेट अकैडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एल.बी. शास्त्री कोचिंग सेंटर को 2 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। मुकाबला हनुषिव क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एल.बी. शास्त्री कोचिंग सेंटर ने 20 ओवर में 229/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से श्रेष्ठ यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 136 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा आर्यन शर्मा ने 67 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हनुषिव क्रिकेट अकैडमी ने 19.2 ओवर में 232/8 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आंशिक पाण्डेय ने 48 रन, अनीस राज ने नाबाद 37 रन, पर्व सिंघला ने 29 रन, जोंटी ने 26 रन और निखिल खत्री ने 21 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गेंदबाजी में सचिन कुमार ने घातक प्रदर्शन करते हुए 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।