रोहन राठी के हरफनमौला प्रदर्शन से सपोर्टिंग क्लब की शानदार जीत
नई दिल्ली (संवाददाता)l 41वें ऑल इंडिया लक्ष्मण दास छाबड़ा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सपोर्टिंग क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर पी सिंह क्रिकेट अकैडमी को 7 विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आर पी सिंह क्रिकेट अकैडमी की टीम 39 ओवर में 252 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अमन अल्वी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों पर 111 रन (10 चौके, 8 छक्के) की तूफानी पारी खेली। वहीं शौर्य प्रताप ने 48 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सपोर्टिंग क्लब की ओर से गेंदबाजी में मनीष सेहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट 26 रन देकर झटके, जबकि दीपक पुनिया ने 3 विकेट 44 रन देकर टीम को मजबूती दिलाई। रोहन राठी ने भी 2 विकेट 44 रन देकर अहम योगदान दिया।
253 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सपोर्टिंग क्लब ने 30.1 ओवर में 253/3 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से विकास सोलंकी ने 65 रन और विभ्रांत ने 65* रन की शानदार पारियां खेलीं।
रोहन राठी ने भी 24 गेंदों पर नाबाद 51 रन (5 चौके, 3 छक्के) की तेजतर्रार पारी खेलकर जीत सुनिश्चित की।
रोहन राठी को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए डी एस टी मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह अवार्ड अंपायर रवि रावत, मोहिंदर छाबड़ा जी और कोच अमित वशिष्ठ द्वारा प्रदान किया गया।
वहीं आर पी सिंह क्रिकेट अकैडमी के अमन अल्वी को उनके शानदार शतक के लिए कीमती फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
सपोर्टिंग क्लब की इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।