G-KBRGW2NTQN तुनेटा बाजार में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ मुखर हुई महिलाएं शराब बंदी न होने पर आंदोलन की चेतावनी – Devbhoomi Samvad

तुनेटा बाजार में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ मुखर हुई महिलाएं शराब बंदी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

जखोली। विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत तुनेटा में अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं मुखर हो गई हैं। उन्होंने शराब की तस्करी पर रोक न लगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। तुनेटा गांव में हुई महिला मंगल दल की बैठक में महिलाओं ने मुखरता से अवैध शराब की तस्करी का विरोध किया। महिला मंगल दल अध्यक्ष सुखदेई देवी ने कहा कि तुनेटा में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। इसकी शिकायत कई बाद पुलिस और आबकारी विभाग से की गई। लेकिन शराब तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। सांय के समय महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने इस बाबत जिलाधिकारी को भी पत्र भेजकर अपनी समस्या रखी। युवक मंगल दल अध्यक्ष अखिल चौहान ने कहा कि शराबियों के हुड़दंग से महिलाओं का घर से बाहर आना मुश्किल हो गया है। इससे खेती-बाड़ी का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर भी शराब का सेवन कर रहे हैं। प्राथमिक स्कूल, जूनियर हाई स्कूल और इंटर कॉलेज भी तुमेटा बाजार से सटा है। ऐसे में स्कूल के बच्चों पर भी कुप्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द प्रशासन ने शराब की तस्करी पर रोक नहीं लगाई तो स्थानीय लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रेम लाल, कुसुम देवी, सुलोचना देवी, पुष्पा देवी, शशि देवी, भारती देवी, रामेरी देवी, संगीता देवी, सरोज देवी, कल्पेरी देवी, शशि देवी, राहुल भट्ट समेत कई ग्रामीण महिलाएं मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *