G-KBRGW2NTQN बढ़ते पलायन के लिए भाजपा व कांग्रेस जिम्मेदार: दिवाकर – Devbhoomi Samvad

बढ़ते पलायन के लिए भाजपा व कांग्रेस जिम्मेदार: दिवाकर

देहरादून । उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने राज्य में बढ़ते पलायन के लिए भाजपा व कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि पलायन प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या है। शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के अभाव के कारण लोग पलायन कर रहे हैं। यह समस्या पृथक राज्य बनने से पहले भी थी। इस कारण अलग राज्य की मांग भी उठी थी। लेकिन अलग राज्य बनने के दो दशक बाद भी पलायन की समस्या जस की तस है। क्योंकि भाजपा व कांग्रेस ने बारी-बारी से सत्ता की कमान तो संभाली पर पलायन की समस्या का समाधान करने के लिए कोई ठोस नीति तैयार नहीं की गई है। इसका परिणाम यह कि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश गांव वीरान हो चुके हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी यह बड़ा खतरा है।
कहा कि उक्रांद राज्य के विकास की सोच रखता है। मूल समस्याओं का हल करना ही दल की प्राथमिकता में है। कहा कि जब भी दल की सरकार बनेगी तो लोगों को बिजली व पानी मुफ्त में दी जाएगी। शिक्षा का उच्चीकरण कर छात्र-छात्राओं को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। पहाड़ परख नीतियों को धरातल पर उतारकर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कहा कि पलायन को रोकने व वीरान होते गांवों को आबाद करने के लिए गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। हर्बल के क्षेत्र में भी राज्य में अपार संभावनाएं हैं। बताया कि आगामी 28 व 29 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग में होने वाली यूकेडी की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इन विषयों पर चर्चा कर समाधान का रास्ता निकाला जाएगा। पत्रकार वार्ता में दल के कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुयाल, प्रह्लाद रावत, लताफत हुसैन आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *