G-KBRGW2NTQN डा. राजेन्द्र प्रसाद के बताए मार्ग पर चलकर मजबूत देश का निर्माण : प्रीतम – Devbhoomi Samvad

डा. राजेन्द्र प्रसाद के बताए मार्ग पर चलकर मजबूत देश का निर्माण : प्रीतम

देहरादून । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति, भारत रत्न स्व. डा. राजेन्द्र प्रसाद ने सादा जीवन-उच्च विचार का सरल रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि हम सबको उनके बताये हुए रास्ते पर चल कर शक्तिशाली भारत के निर्माण के उनके सपने को साकार करने के लिए प्रयास करना होगा। यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने स्व. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सादा जीवन उच्च विचार के प्रतीक स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद ने छात्र जीवन में ही प्रतिभा का परिचय देते हुए कई कीर्तिमान स्थापित किए थे। डा. राजेन्द्र प्रसाद ने अपने जीवन की शुरुआत अध्यापक के रूप में करते हुए 35 वर्षो तक अध्यापन का कार्य किया तथा स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक सच्चे गांधीवादी के रूप में गांधी के बताए मार्ग पर चलने का प्रयास किया। डा. राजेन्द्र प्रसाद ने संविधान निर्माण सभा अध्यक्ष के रूप में जिस संयम, अनुशासन और ज्ञान से भारतीय संविधान निर्माण को सहज बनाया वह बेमिसाल है। जिस समय देश संकट के दौर से गुजर रहा था उन्होंने केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में स्वास्थ्य और कृषि मंत्री के रूप में अहम भूमिका का निर्वहन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *