G-KBRGW2NTQN विभाग भाजपा के महत्वपूर्ण अंग, पूरी शक्ति से कार्य करें : नड्डा – Devbhoomi Samvad

विभाग भाजपा के महत्वपूर्ण अंग, पूरी शक्ति से कार्य करें : नड्डा

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने कहा कि भाजपा में विभिन्न विभागों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है और यदि कोई इन्हें नीरस समझता है तो वे अपने कार्य से इनमें रस भर सकते हैं। नड्डा ने आज कार्यालय व विभाग समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी चिंता को छोड़कर संगठन की चिंता करनी चाहिए।
बीजापुर गेस्ट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक में विभाग प्रभारियों व कार्यालयों से जुड़े पदाधिकारियों का आज भाजपा अध्यक्ष ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में विभाग की परिकल्पना पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने की थी जो अब फलीभूत हो रही है। इन विभागों में राजनीतिक कार्यों व समाज से जुड़े विभिन्न आयाम हैं और इनके माध्यम से हम विभिन्न क्षेत्रों में कार्य भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभागों को माध्यम से पार्टी को दिशा देने में और पार्टी के विचार व कार्यक्रमों को जनता तक पहुँचाने में बहुत बेहतर काम हो सकता है। यही नहीं इन विभागों के माध्यम से पार्टी का विस्तार भी किया जा सकता है। बैठक का प्रारम्भ नड्डा ने दीप प्रज्वलन कर किया। बैठक से पहले जगत प्रसाद नड्डा ने पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभिन्न 30 विभागों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्यालयों व विभागों में सक्रियता से अपनी भागीदारी निभाने को निर्देशित किया। उन्होंने विभागों के सभी कार्यकर्ताओं का पूरे उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को चलाने के लिए एकरूपता की आवश्यकता है। सभी को अपनी चिंता को छोड़कर संगठन की चिंता करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *