G-KBRGW2NTQN स्थापना दिवस पर कांग्रेस की तिरंगा यात्रा, मुख्यालय पर कार्यक्रम – Devbhoomi Samvad

स्थापना दिवस पर कांग्रेस की तिरंगा यात्रा, मुख्यालय पर कार्यक्रम

देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों में कांग्रेसजनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गए। देहरादून के पार्टी मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ और जिलों में भी कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा आयोजित कर पार्टी के इतिहास को याद किया। देहरादून में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने पार्टी का झंडा फहराया व तत्पश्चात वंदे मातरम व राष्ट्रीय गान हुआ। सेवा दल ने पार्टी मुख्यालय में ध्वजा रोहण ध्वज गीत व राष्ट्रीयगान का बेहतरीन आयोजन किया।
इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस गौरवशाली इतिहास वाली देश की सबसे पुरानी राजनैतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी में सबसे अहम भूमिका निभाते हुए देश की आजादी के संघर्ष का नेतृत्व किया और जंगे आजादी में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हर तरह की कुर्बानियां दी। उन्होंने कहा कि आजाद भारत को जब पंडित जवाहर लाल व सरदार पटेल जैसे नेता मिले जिन्होंने नये भारत के निर्माण की आधारशिला रखी। सिंह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी , राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव व मनमोहन सिंह जैसे प्रधानमंत्रियों ने भारत को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। प्रीतम ने कहा कि सोनिया गांधी ने जिन विषम परिस्थितियों में कांग्रेस को नेतृत्व प्रदान किया वे असाधारण थी, किन्तु उनके कुशल नेतृत्व में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की और अब पूरा देश राहुल गांधी से वही उम्मीद कर रहा है। प्रीतम ने सभी कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे 2022 में देश में कांग्रेस की वापसी की शुरुआत उत्तराखंड से करेंगे।
इस मौके पर तिरंगा यात्रा के संयोजक सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि 136 सालों के कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास है। हम सीना तान कर कह सकते हैं कि हम उस कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं जिसने देश की आजादी के लिए व देश की आजादी के बाद देश की एकता अखंडता के लिए बलिदान और अनगिनत कुर्बानियां दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *