G-KBRGW2NTQN सीएम ने किया सड़कों को सजाने की योजना का शुभारंभ – Devbhoomi Samvad

सीएम ने किया सड़कों को सजाने की योजना का शुभारंभ

पौड़ी। पौड़ी से टेका, खिसरू व देवप्रयाग को जाने वाले मोटरमार्गों को अब पंय्या, पांगर व चिनार के पेड़ों से सजाया जाएगा। पौड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टेका रोड पर पंय्या (देववृक्ष) की पौध रोपकर योजना का शुभारंभ कर दिया है। सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि पौड़ी के पर्यटन विकास की दृष्टि से कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद पर्यटकों को पौड़ी पहले से कई गुना अधिक खूबसूरत नजर आएगी। उन्होंने अधिकारियों से इन योजनाओं को पूरी संजीदगी से पूरा करने को कहा।  शुक्रवार को मुख्यालय पौड़ी के टेका रोड पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पंय्या (चेरी ब्लासम) की पौध रोपी। योजना के अनुसार इस मोटरमार्ग के दोनों ओर करीब 150 चेरी ब्लासम के पेड़ लगाए जाने हैं। इन पेड़ो पर उगने वाले फूलों से मोटरमार्ग सजा धजा नजर आएगा।  पंय्या जहां गढ़वाल में पूजनीय है, वहीं यह औषधीय गुणों से भी भरपूर है। उन्होंने कहा कि देववृक्ष की स्थानीय व उन्नत दोनों प्रजातियों के पौधे लाए गए हैं। इनके पूर्ण विकसित होने के बाद पर्यटको को इस मार्ग से पैदल गुजरते व सूर्यास्त का लुफ्त लेते एक अलग ही आनंद की अनुभूति होगी। डीएचओ डा. कुमार ने बताया कि पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर घुड़दौड़ी तक करीब 13 किमी में चिनार की पौध लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कश्मीर का यह प्रसिद्घ पेड़ अब जनपद मुख्यालय पौड़ी की शान भी बनेगा। कश्मीर से चिनार की 500 पौध मंगाई गई है। इसके अतिरिक्त पौड़ी खिसरू मोटर मार्ग पर 16 किमी के दायरे में पांगर के 1600 पौधे रोपे जाएंगे। यह अपने आप में जहां जल संरक्षण के लिए अलग पहचान रखता है। वहीं इसका बीज औषधि के गुणों का भंडार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *