G-KBRGW2NTQN रुद्रप्रयाग जनपद में कोरोना के बढ़ रहे मामले, आज मिले 66 संक्रमित – Devbhoomi Samvad

रुद्रप्रयाग जनपद में कोरोना के बढ़ रहे मामले, आज मिले 66 संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण केन्द्रों की संख्या बढ़ाई
रुद्रप्रयाग।  जनपद में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। एक साथ 66 केस आने के बाद से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब कुल टोटल एक्टिव केस की संख्या 178 हो चुकी है। ऐसे में स्वास्थ्य महकमा और जिला प्रशासन सतर्कता बरते हुए है।  बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए साप्ताहिक कर्फ्यू का ऐलान किया गया है, जिसके बाद से बाजारों में सन्नाटा छा गया। सभी लोग सरकार के नियमों का पालन कर रहे हैं और दुकानों का बंद रखकर सरकार को सहयोग दे रहे हैं। साप्ताहिक कर्फ्यू की जानकारी न होने के कारण कुछ लोग काफी परेशान भी दिखे, जबकि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहनों का घंटों इंतजार करना पड़ा। जनपद की बात करें तो शनिवार को 66 केस एक साथ आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। अब टोटल एक्टिव केस की संख्या 178 पहुंच गयी है। जनपद में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसमें जिला प्रशासन की घोर लापरवाही सामने आ रही है। लोगों को कोविड 19 के प्रति जागरूक नहीं किया जा रहा है। बीते दिनों रुद्रप्रयाग जिले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए। इनमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद स्वास्थ्य महकमा सजग हो गया है। जिले में एक्टिव केस में 8 मरीजों को कोटेर अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। ये आठ लोग रेलवे कंपनी के अलावा जिले में आयोजित कार्यक्रमों में आए थे और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वे अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां पूरी की गई हैं। जिले में ऑक्सीजन बेड उपलब्ध है। लक्षण रहीत मरीजों के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स में व्यवस्थाएं पूरी हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन वाले मरीजों की देख-रेख के लिए आशा कार्यकत्री को कहा गया है, जबकि आपदा कंट्रोल रूम से भी निगरानी रखी जा रही है। अन्य जिलों से आने वाले लोगों को बार्डर पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण केन्द्रों की संख्या में भी बढ़ा दी है। पहले जहां 11 केन्द्रों पर ही कोरोना का टीका लग रहा था, वहीं अब आठ केन्द्र और बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 35 हजार लोगों का टीकाकरण हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *