G-KBRGW2NTQN सेराघाट सरयू नदी में नहाने गए पांच किशोरों की डूबकर मौत – Devbhoomi Samvad

सेराघाट सरयू नदी में नहाने गए पांच किशोरों की डूबकर मौत

बेरीनाग/पिथौरागढ़। शादी की विदाई के साथ अपनी वहन को ससुराल छोड़ने गए कूना और सिमाली गांव के पांच बच्चों की सरयू नदी में नहाते समय डूब कर मौत हो गई है। यह घटना बुधवार सुबह साढ़े दस बजे की है। वारात कूना से सेराघाट आयी थी। मरने वालों में दुल्हन का भाई रवींद्र कुमार भी शामिल है। इस घटना से सेराघाट से लेकर गणाई तक शोक की लहर छा गई है। पुलिस ने सभी शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिए हैं। घटना पर विधायक मीना गंगोला, काबीना मंत्री बिशन सिंह चुफाल, अरविंद पांडेय, सीएम तीरथ सिंह रावत, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि कूना एवं सिमाली के आठ युवक मंगलवार को वारात वापसी के समय अपनी बहन (दुल्हन) को छोड़ने के लिए रामपुर (सेराघाट) आए थे। परंपरानुसार कुछ लोग शादी के बाद अपनी बहन को छोड़ने ससुराल जाते हैं। ये युवक इसी परंपरा का निर्वहन करने गए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को घर वापसी के समय सभी युवक सेराघाट में सरयू नदी में नहाने के लिए निकल गए। इनमें से किसी को भी नदी में तैरना नहीं आता था और ये लोग नदी के तेज बहाव के साथ बहने लगे। बताया जा रहा है कि सरयू नदी में युवकों के बहने की घटना देखकर कुछ ग्रामीण नदी में उतरे। इन ग्रामीणों ने तीन को तो बचा लिया लेकिन पांच किशोरों को नहीं बचा पाए। इस घटना में रविंद्र कुमार (15) पुत्र गोकुल राम, साहिल कुमार (15) पुत्र पूरन राम, मोहित कुमार (17) पुत्र अशोक कुमार, राजेश कुमार (16) पुत्र खीम राम एवं पीयूष कुमार (15) पुत्र कृष्ण कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में हाहाकार मच गया और जो जैसे था, उसी दशा में सेराघाट की ओर भागने लगे और पूरे इलाके में मातम पसर गया। दुल्हन भी बेहोश बतायी जा रही है। इस दौरान सरयू तट पर भारी भीड़ एकत्र हो गई थीं। नदी के एक छोर पर पांचों किशोरों के शव देखकर हरेक की आंख नम दिख रही थीं। विधायक मीना गंगोला भी मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने बताया कि हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस घटना पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईर से प्रार्थना की है। दुख व्यक्त करने वालों में पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल, विद्यालयी शिक्षा एवं जनपद पिथौरागढ़ के प्रभारी मंत्री अरविंद पाण्डेय व जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आनन्द स्वरूप भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *