बडकोट/नौगांव। तहसील क्षेत्रान्तर्गत नौगांव विकास खंड के हिमरोल गाव में एक महिला ने अपने पति को धारदार कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। राजस्व पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। जानकारी के अनुसार राजस्व क्षेत्र दारासौं के हिमरौल गांव निवासी जसपाल (22) ने डेढ़ साल पहले काजल के साथ प्रेम विवाह किया था। काजल (21) का मायका टिहरी जिले के कंडीसौड़ से है। उसने 20 दिन पहले बच्ची जन्म दिया है, जबकि जसपाल गांव में ही मजदूरी करता था। राजस्व पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजस्व पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हड़ी को बरामद कर लिया है। सीएचसी नौगाँव में हत्या की आरोपी महिला का मेडिकल और शव का पोस्टमार्टम हुआ। बताया गया कि सोमवार शाम को दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि काजल ने अपने पति जसपाल के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसलीदार जगेंद्र चौहान रात को मौके पर पहुंचे। राजस्व पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला को मेडिकल व न्यायालय पेश के लिए रेगूलर पुलिस की महिला कांस्टेबल को गांव में बुलाया गया । नायब तहसीलदार चौहान ने बताया कि महिला ने अपना जुर्म कबूल किया है। उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि हिमरोल गाँव मे एक महिला ने अपने पति की हत्या करने का मामला सामने आने पर राजस्व टीम मौके पर भेजी गई है। हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नही चल पाया है। दोषी महिला गिरफ्तार की गई है, उसके साथ 20 दिन की बच्ची भी है।