G-KBRGW2NTQN आज से विकासखण्ड मुख्यालयों में तालाबंदी करेंगे ग्राम प्रधान – Devbhoomi Samvad

आज से विकासखण्ड मुख्यालयों में तालाबंदी करेंगे ग्राम प्रधान

ऊखीमठ/अगस्त्यमुनि। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन का क्रमिक अनशन विकासखण्ड मुख्यालय पर छटवें दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन के छटवें दिन विभिन्न सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रधानों को अपना समर्थन दिया। साथ ही प्रधान संगठन ने वीडीओ के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों पर अमल न होने पर बुधवार से अनिश्चित कालीन तालाबंदी की चेतावनी दी। बता दें कि तीस जून को प्रधान संगठन ने मांगों को लेकर विकासखण्ड मुख्यालय पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर तालाबंदी की थी और एक जुलाई से क्रमिक अनशन शुरू किया था। मंगलवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख ेता पाण्डेय ने क्रमिक अनशन स्थल पहुंच कर अपना समर्थन देते हुए कहा कि प्रधान संगठन की मांगे जायज हैं तथा क्रमिक अनशन से विकासखण्ड व ग्राम पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। क्रमिक अनशन को अपना समर्थन देते हुए कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि भाजपा प्रदेश सरकार राजैनतिक उठा पटक में व्यस्त हैं और प्रधान संगठन की जायज मांगों को सुनने के लिए राजी नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधान संगठन का क्रमिक अनशन शुरू होने से ग्राम पंचायतों में विकास का पहिया थम गया है। इसलिए प्रदेश सरकार को ग्राम पंचायतों के चहुंमुखी विकास के लिए शीघ्र प्रधान संगठन की मांगों पर अमल करना चाहिए। प्रधान संगठन ब्लॉक संरक्षक सन्दीप पुष्वाण ने कहा कि जब तक मांगों पर अमल नहीं होगा, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। प्रधान रांसी कुन्ती नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार पंचायतों को कमजोर करने पर तुली है। क्रमिक अनशन के छटवें दिन प्रधान संगठन ने खण्ड विकास अधिकारी दिनेश चन्द्र मैठाणी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बुधवार से विकासखण्ड मुख्यालय पर अनिश्चित कालीन तालाबंदी की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *