G-KBRGW2NTQN बाजपुर के दस हजार किसानों को मिला भूमिधरी का अधिकार वापस – Devbhoomi Samvad

बाजपुर के दस हजार किसानों को मिला भूमिधरी का अधिकार वापस

देहरादून। ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 20 गांव के 10,000 किसानों को उनका 5838 एकड़ जमीन पर भूमिधरी का अधिकार वापस मिल गया है। बुधवार को काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा के नेतृत्व में करीब 250 किसानों ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
हरभजन सिंह चीमा ने बताया कि ऊधम सिंह नगर के पूर्व डीएम नीरज खैरवाल ने इन किसानों का भूमिधरी अधिकार रद्द कर दिया था। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से इसकी शिकायत की। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उस पर ध्यान नहीं दिया। मामले को लटकाते रहे। तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री बने तो उनसे इस मामले में मजबूत बात नहीं हो सकी। कुछ समय पहले वह बाजपुर के किसानों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले और समस्या रखी। मुख्यमंत्री ने किसानों से कुछ इंतजार के लिए कहा और समस्या के हल का भरोसा दिया। इसके बाद मौजूदा जिलाधिकारी ने इन किसानों का भूमिधरी अधिकार फिर से बहाल कर दिया है। मुख्यमंत्री ने किसानों को बाजपुर आने का आासन भी दिया है। बता दें कि मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में विधायक हरभजन सिंह चीमा के नेतृत्व में बाजपुर के किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। उन्होंने किसानों के हित में किये जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार नो पेंडेंसी के आधार पर कार्य कर रही है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार जनता के साथ साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। जन सुविधा के लिए कायरे के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण पर ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जनपदों में तहसील दिवसों का आयोजन किया जा रहा है। जितनी भी घोषणाएं की जा रही हैं, सभी पूरी की जाएंगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *