G-KBRGW2NTQN मौसम विभाग की चेतावनी के बाद केदार यात्रा पर अस्थाई रोक – Devbhoomi Samvad

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद केदार यात्रा पर अस्थाई रोक

रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग के दो दिन के हाई अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए अस्थाई तौर पर केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी है। तीर्थयात्रियों को सोनप्रयाग में रोका जा रहा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा विभिन्न पड़ावों पर भी पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तैनात हैं, जो यात्रियों को मौसम की जानकारी दे रहे हैं, अब मौसम सामान्य होने पर यात्रा को खोला जाएगा।  बता दें कि मौसम विभाग ने दो दिन का हाई अलर्ट जारी किया है। बताया यह भी जा रहा है कि वर्ष 2013 की जून आपदा के समय हुई बारिश की पुनरावृत्ति हो सकती है ऐसे में जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और केदारनाथ यात्रा पर फिलहाल अस्थाई तौर पर रोक लगाई गई है। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमे यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर तैनात हैं जो यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दे रहे हैं। आज सुबह जिला प्रशासन ने यात्रा पर अस्थाई रोक लगाई, जिसके बाद से यात्रियों को केदारनाथ नहीं जाने दिया जा रहा है।
गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रोक : जिले में लगातारी जारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रोक लगा दी है। यात्रियों को धाम दर्शन के लिए जाने से मना किया गया है जो जहां है, उसे वहीं ठहरने के आदेश दिए गए हैं। मौसम साफ होने पर जिला प्रशासन ने यात्रा के संचालन के संकेत दिए हैं।
रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रोक लगाने का फैसला लिया। उत्तरकाशी जिले में सुबह ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था हालांकि पूरे दिनभर रिमझिम बारिश हुई। सुबह जो भी यात्री धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे, उन्हें प्रशासन की ओर से दर्शन करने दिया गया। इस बीच जिला प्रशासन के आदेश जारी होते ही जो यात्री जहां था, उसे वहीं ठहरने के लिए कहा गया। डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा अनौपचारिक रूप से रोकी गई है। बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रा के संचालन को रोकने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *