G-KBRGW2NTQN बैंक मैनेजर और सहकर्मी की कार खाई में गिरी, दोनों की मौत – Devbhoomi Samvad

बैंक मैनेजर और सहकर्मी की कार खाई में गिरी, दोनों की मौत

पिथौरागढ़। अपनी कार से रात में पिथौरागढ़ से डीडीहाट के लिए निकले उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, डीडीहाट के शाखा प्रबंधक और कार्यालय सहायक की मौत हो गई। सोमवार दोपहर उनकी कार गहरी खाई में मिली।

जानकारी के अनुसार ग्रामीण बैंक के कर्मचारी रविवार को हल्द्वानी में एक इवेंट में शामिल होकर वापस लौटे। शाखा प्रबंधक डीडीहाट रविकांत मेहता और कार्यालय सहायक त्रिवेणी माधव अन्य कर्मचारियों के पिथौरागढ़ में उतरने के बाद रात करीब 10 से 11 बजे बीच डीडीहाट के लिए रवाना हुए, लेकिन वे डीडीहाट नहीं पहुंचे। सुबह दोनों के बैंक में नहीं पहुंचने पर उनके लापता होने का पता चला। सहकर्मियों ने उनके मोबाइल नंबर मिलाए तो वह बंद मिले। इसके चलते बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस को दी गई और इसके साथ ही पुलिस और बैंक कर्मचारी कनालीछीना से डीडीहाट तक दोनों की खोजबीन में जुट गए।

सर्विलांस से दोनों की मोबाइल लोकेशन चेक की। जिसके बाद हचीला और मिर्थी के आसपास खोजबीन तेज की गई। दोपहर के समय कार खिरचना और हचीला के बीच करीब सैकड़ों मीटर गहरी खाई में नजर आई। एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई और उसके साथ पुलिस और अन्य लोगों ने गहरी खाई से शवों को निकालने का काम शुरू किया। इधर दोनों बैंक कर्मियों के निधन की सूचना से कर्मचारियों में शोक छा गया और परिजन सदमे में आ गए। शाम तक शव निकाली जा सके। उसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं हादसे की वजह का अभी पता नहीं लग सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मारे गए दोनों कर्मचारी हल्द्वानी के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *