ध्रुव कौशिक के हरफनमौला प्रदर्शन से तिलक नगर कोट्स की 160 रन से शानदार जीत

नई दिल्ली (संवाददाता)। 41वें ऑल इंडिया लक्ष्मण दास छाबड़ा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में तिलक नगर कोट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय दहिया क्रिकेट अकैडमी को 160 रनों से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। मुकाबला सेंट स्टीफन ग्राउंड, मोरी गेट पर खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक नगर कोट्स ने निर्धारित 40 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 364 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से करण जेवरी ने 144 रन (90 गेंद, 21 चौके, 3 छक्के) की शानदार पारी खेली, जबकि ध्रुव कौशिक ने 118 रन (69 गेंद, 11 चौके, 7 छक्के) की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। करण कश्यप ने 48 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विजय दहिया क्रिकेट अकैडमी की टीम 24.4 ओवर में 204 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से बग्गा ने 71 रन की जुझारू पारी खेली। तिलक नगर कोट्स की ओर से हृदय सनसनवाल ने 3 विकेट (41 रन) लिए, जबकि ध्रुव कौशिक ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट मात्र 12 रन देकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ध्रुव कौशिक को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए यूएसटी ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार टूर्नामेंट सेक्रेट्री मोहिंदर छाबड़ा जी द्वारा प्रदान किया गया। वहीं, विजय दहिया क्रिकेट अकैडमी के बग्गा को ‘कीमती फाइटर ऑफ द मैच’ का अवार्ड भी मोहिंदर छाबड़ा जी ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *