G-KBRGW2NTQN तीन दिन के दून पहुंची प्रियंका, कांग्रेस में गहमा-गहमी – Devbhoomi Samvad

तीन दिन के दून पहुंची प्रियंका, कांग्रेस में गहमा-गहमी

 

देहरादून। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच गयी हैं। उनका कार्यक्रम निहायत ही निजी बताया जा रहा है,लेकिन कांग्रेस के लोग उनसे मिलने की जुगत भिड़ाने में लगे हुए हैं।
कांग्रेस के ज्यादातर लोगों को प्रियंका गांधी के दौरे की विस्तृत जानकारी नहीं है। तीन दिन तक देहरादून व मसूरी में रहने के कार्यक्रम से कांग्रेस में अंदरखाने गहमा-गहमी भी महसूस की जा रही है। कांग्रेस के नेता उनकी टोह लेने व मिलने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सड़क मार्ग से वे देहरादून पहुंची हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनका रात्रि विश्राम राजपुर स्थित ओल्ड एज होम अंतरा में है। शनिवार सुबह वह मसूरी के स्प्रिंग रोड लाइब्रेरी के लिए रवाना होगी। प्रियंका गांधी के दौरे को देखते हुए रूट व्यवस्था के साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है। मसूरी में उनका कार्यक्रम कपूरथला हाउस में भी जाने का बताया जा रहा है। बहरहाल आज शाम तक कांग्रेस के लोग उनसे मिलने में कामयाब नहीं हो पाये थे। प्रियंका के साथ उनके दोनों बच्चों के आने की भी खबर है। प्रियंका के दौरे को लेकर कांग्रेस में चर्चाओं का बाजार गर्म है। यद्यपि उनका दौरा निहायत निजी बताया जा रहा है और वे बिना तामझाम के चुपचाप पहुंची हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर तीन दिवसीय दौरे में हलचल देखी जा रही है। कांग्रेसी प्रियंका से मिलने वालों की टोह भी लेने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उनसे किसकी मुलाकात हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *