G-KBRGW2NTQN Devbhoomi Samvad

भाजपा के मिशन 2022 की तैयारियों का जायजा लेने उत्तराखंड आएंगे जेपी नडडा

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा के मिशन2022 यानी विधानसभा चुनावों की तैयारी का जायजा लेने इस महीने के अंत में तीन दिन के दौरे पर उत्तराखंड आएंगे। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही करीब एक साल से ज्यादा का वक्त है लेकिन भाजपा ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री द्वारा जिलों के प्रभारी मंत्रियों व प्रभारी सचिवों को दौरा करने व आम जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए रात्रि प्रवास के निर्देश के साथ ही मंत्रियों को सरकारी दौरे से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात व उनके साथ बैठक के निर्देश साफ इशारा कर रहे हैं कि भाजपा अब चुनावी मोड में है। माना जा रहा है कि भाजपा अभी से इसलिए भी तैयारी कर रही है क्योंकि उसके सामने 56 सीटें बचाने की बड़ी चुनौती है। हालांकि नगर निकाय चुनावों के वक्त भाजपा 2022 में 65 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखने का ऐलान कर चुकी है लेकिन 2022 की चुनौती आसान नहीं होगी इसलिए सरकार और संगठन दोनो तैयारी के लिए कमर कस चुके हैं। माना जा रहा है कि जेपी नड्डा 2022 की चुनावी तैयारियों के लिए नवंबर के अंत तक उत्तराखंड आएंगे। इसके पहले कल यानी शुक्रवार को भाजपा दौरे व अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी का कार्यक्रम तय करने के लिए बैठक भी करेगी। तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे में नड्डा बीजेपी के हर उस पदाधिकारी से बात करेंगे जो पार्टी की नीतियों और सरकार के कामों को आम लोगों के बीच ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *