ऑल इंडिया लाला रघुबीर सिंह हॉट वेदर क्रिकेट का शुभारंभ : कोलाज स्पोर्ट्स क्लब की सोनेट क्लब पर जीत
नई दिल्ली (संवाददाता)। मॉडर्न स्कूल बाराखंबा रोड में 49वें ऑल इंडिया लाला रघुबीर सिंह हॉट वेदर प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन अशोक प्रताप सिंह (पूर्व प्रेसिडेंट, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज, मॉडर्न स्कूल) ने किया। इस अवसर पर आदित्य गुप्ता (ट्रेजरार, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज, मॉडर्न स्कूल), जस्टिस मुकुल मुद्गल (चेयरमैन, मॉडर्न स्कूल) और प्रिंसिपल डॉ. विजय दत्ता भी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनेट क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनेट क्रिकेट क्लब की टीम 38.3 ओवर में 229 रन पर ऑल आउट हो गई। शिवम किशोर कुमार ने 66 रन और आर्यन दलाल ने 51 रन बनाए, जबकि नमन तिवारी और लोकेश नागर ने 25-25 रन का योगदान दिया। कोलाज स्पोर्ट्स क्लब की ओर से रजनीश दादर, तिशांत डाबला, अंकित चौधरी और पंकज जसवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जवाब में कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने 25.4 ओवर में 232/2 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंकित प्रताप सिंह ने 63 गेंदों पर नाबाद 88 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। सिद्धार्थ ने 22 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। समर्थ सेठ ने 46 रन और सिद्धांत जून ने 36 रन का योगदान दिया। अंकित प्रताप सिंह को उनकी शानदार पारी के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। यह पुरस्कार रूपेश जयपुरिया ने प्रदान किया।